डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: रंगों के त्योहार होली को देखते हुए और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। आध्यात्मिक उत्थान मंडल ट्रस्ट के अनुरोध पर, पोसइता में आयोजित होने वाले ‘वार्षिक निःशुल्क चिकित्सा शिविर’ के मद्देनजर अब 8 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का इस स्टेशन पर अस्थायी ठहराव शुरू हो गया है।
यह व्यवस्था 28 फरवरी से 6 मार्च तक प्रभावी रहेगी, जिसके तहत ट्रेनें पोसइता स्टेशन पर एक-एक मिनट के लिए रुकेंगी। चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस और पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें अब रोजाना पोसइता के यात्रियों को अपनी सेवाएं देंगी।
इस्पात एक्सप्रेस का भी रहेगा साथ
यात्रा को और भी सुगम बनाने के लिए हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस और हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस को भी इस सूची में शामिल किया गया है। ये ट्रेनें सप्ताह के अलग-अलग दिनों में पोसइता स्टेशन पर रुकेंगी, जिससे इस दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
टाटा-बक्सर होली स्पेशल: यात्रियों की मौज
रेलवे ने केवल ठहराव ही नहीं, बल्कि नई पटरी पर नई रफ्तार की भी घोषणा की है। 3 मार्च से 31 मार्च तक हर मंगलवार को टाटा-बक्सर होली स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन टाटानगर से हर मंगलवार शाम 5.10 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8.15 बजे बक्सर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में भी यह यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे होली की छुट्टियों में घर जाने वाले लोगों को कन्फर्म टिकट और आरामदायक सफर की सौगात मिलेगी।

