रामगढ़ : जनगणना 2027 के तहत जिले में चल रहे कार्यों को लेकर सोमवार को उपायुक्त Rituraj की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जनगणना 2027 के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में फिलहाल लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त ने प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित क्षेत्र में जाकर ही कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनगणना का कार्य बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील है, इसलिए सभी प्रक्रियाएं पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग कार्यों में से कम से कम 10 प्रतिशत कार्यों का स्वयं स्थल निरीक्षण कर सत्यापन करें, ताकि कार्य की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिला स्तर से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को भी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं किसी भी त्रुटि पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

