रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, मिलावटी पनीर और एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट; होटलों-ठेलों में मचा हड़कंप

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: जिले में मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठेला-खोमचों और होटलों पर छापेमारी की। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री और एक्सपायर्ड उत्पाद बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सदर अस्पताल, सिविल कोर्ट और कोठार क्षेत्र में लगे विभिन्न ठेलों और होटलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ठेलों में इंडस्ट्रियल कलर का इस्तेमाल पाए जाने पर छोला और चटनी को मौके पर नष्ट किया गया।

कोठार स्थित होटल एम आर स्वीट्स में जांच के दौरान 10 किलो मिलावटी पनीर बरामद हुआ, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। वहीं 30 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक भी जब्त कर नष्ट किया गया। होटल एम आर और होटल फ्लाई ओवर से लिए गए मसालों की जांच में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई, जिसके बाद मसालों को भी नष्ट किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी करने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, लेबलिंग और एक्सपायरी तिथि की विशेष जांच की।

दुकानदारों और होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री न करें, खाद्य सामग्री की उचित लेबलिंग करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। होटल स्टाफ को एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर पहनने के निर्देश भी दिए गए।

विभाग ने साफ पानी के इस्तेमाल, एफएसएसएआई मानक वाले खाद्य पदार्थों के प्रयोग, सिंथेटिक और हानिकारक रंगों से परहेज तथा खाद्य सामग्री की सुरक्षित पैकेजिंग सुनिश्चित करने को कहा है। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी भी मौजूद थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....