सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) की ओर से नववर्ष के पहले सोमवार को रामगढ़ जिला वासियों की सुख, समृद्धि और शांति के लिए भगवान श्री महाकाल की भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। यह आयोजन रामगढ़ शहर के मेन रोड स्थित सुभाष चौक के मां विघ्नहरणेश्वरी मंदिर परिसर में किया गया, जहां भगवान महाकाल का आकर्षक दरबार सजाया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन और रुद्राभिषेक
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी संजयेंद्र गुरु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सांसद प्रतिनिधि एवं RBSS के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस सहित श्रद्धालुओं को विधिवत पूजा कराई। पूजन के उपरांत रुद्राभिषेक एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सांसद मनीष जायसवाल ने की महाकाल की पूजा
इस महा आयोजन में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर लोकसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण रामगढ़ जिले के लोगों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की रही सहभागिता
महाकाल पूजा महोत्सव में रामगढ़ जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हुए। आयोजन में संघर्ष समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
भजनों पर झूमे शिव भक्त
पूजा के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। गायकों द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
नववर्ष की शुरुआत महाकाल के चरणों में
RBSS के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि नववर्ष की शुरुआत भगवान महाकाल की आराधना के साथ की गई है। उन्होंने बताया कि इस पूजा के माध्यम से राष्ट्र, राज्य और रामगढ़ जिले की तरक्की तथा जिला वासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई है।

