‘रील’ का शौक या मौत को बुलावा? हाथियों का वीडियो बनाना रेलवे मजदूर को पड़ा भारी, पटक-पटक कर मार डाला

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: मोबाइल स्क्रीन पर कुछ सेकंड की वीडियो क्लिप या सोशल मीडिया रील्स बनाने का क्रेज कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाता है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया वन क्षेत्र से सामने आया है। यहां सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास जंगली हाथियों का वीडियो बना रहे एक रेलवे मजदूर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

झुंड से अलग हुए हाथी ने किया हमला
मृतक मजदूर की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले के कटुवा गांव निवासी 53 वर्षीय संजीव सिन्हा के रूप में हुई है। संजीव अपने साथियों के साथ यहां रेलवे की ओर से ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने के कार्य में जुटे थे। सुनसुनिया जंगल में 10 से 12 हाथियों का एक झुंड डेरा डाले हुए था। हाथियों की मौजूदगी देखकर संजीव अपने कुछ साथियों के साथ मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए जंगल की तरफ बढ़ गए। इसी बीच झुंड से अलग हुए एक गुस्से में आए जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। हाथी ने संजीव को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और सिर पर जोरदार वार किया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाकर और भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वन विभाग की अपील: हाथियों से न लें पंगा, दूरी है जरूरी
बढ़ते खतरों को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से सख्त अपील की है कि वे जंगली हाथियों को देखकर उनके नजदीक जाने, सेल्फी लेने या वीडियो बनाने का प्रयास बिल्कुल न करें। हाथियों को किसी भी तरह से उकसाना जानलेवा साबित हो सकता है। साथ ही, जंगल से सटे इलाकों में अकेले आवाजाही न करने की सलाह दी गई है।

Advertisement

Share This Article