देवघर विधायक सुरेश पासवान ने बताया कि राजद परिवार की ओर से टावर चौक के समीप पिछले 35 वर्षों से लगातार कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए निःशुल्क सेवा शिविर लगाया जा रहा है। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी प्रसाद यादव के दिशा-निर्देशों पर यह सेवा कार्य वर्षों से जारी है।
सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से देवघर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को शिविर में निःशुल्क दवा, ठंडा एवं गर्म पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा शिविर के जरिए श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के माध्यम से ऐसे श्रद्धालुओं की भी मदद की जाती है, जो भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं या घर लौटने में परेशानी का सामना करते हैं। विधायक सुरेश पासवान ने बताया कि जरूरत पड़ने पर ऐसे श्रद्धालुओं के लिए टिकट की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाने में सहयोग किया जाता है।
विधायक ने कहा कि राजद के नेता और कार्यकर्ता पूरे सावन सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। बाबा बैद्यनाथ की नगरी में आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सेवा की यह परंपरा लंबे समय से लगातार जारी है।
सुरेश पासवान ने बाबा बैद्यनाथ से सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय होने तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता के लिए राजद के नेता और कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहेंगे।

