जमशेदपुर में डेंगू का बढ़ता प्रकोप: नया मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, प्रभावित क्षेत्र में छिड़काव शुरू

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू का खतरा धीरे-धीरे पैर पसारने लगा है। मानगो डिमना रोड की रहने वाली 20 वर्षीय युवती में डेंगू संक्रमण की पुष्टि के बाद जिले में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। मरीज की जांच एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एलाइजा टेस्ट के जरिए की गई, जिसके बाद से उसका इलाज मानगो स्थित गुरुनानक अस्पताल में चल रहा है।
​लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम के प्रयास तेज कर दिए हैं।

एंटी-लार्वा छिड़काव और फॉगिंग तेज
सकारात्मक रिपोर्ट आने के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए मरीज के आवास के आसपास 500 मीटर के दायरे में फॉगिंग और एंटी-लार्वा का छिड़काव शुरू कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि डेंगू के मामले सामने आने के बाद लार्वा की जांच और मच्छरों पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

5 और संदिग्ध मरीज, जांच रिपोर्ट का इंतजार
जिला सर्विलांस विभाग ने डेंगू के 5 अन्य संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजे हैं। इनमें से एक मरीज गालूडीह के संत जोसेफ अस्पताल में और चार मरीज टेल्को मोटर्स अस्पताल में भर्ती हैं। संदिग्धों में गालूडीह, टेल्को, बारीडीह और साकची (रामलीला मैदान) के निवासी शामिल हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इनके संक्रमण की पुष्टि हो सकेगी।

अस्पतालों को निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों व पैरामेडिकल कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि बुखार के किसी भी संदिग्ध मरीज की तत्काल जांच कराई जाए ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।

Share This Article