धनबाद: जनरल कोच में मिले लावारिस बैग से 84 कैन बीयर बरामद, आरपीएफ ने किया जब्त

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: पूर्व मध्य रेल के हाजीपुर मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 कैन बीयर बरामद की है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया गया।

आरपीएफ के अनुसार, शुक्रवार को निरीक्षक प्रभारी के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट धनबाद एवं सीआईबी धनबाद की टीम प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान करीब 1:50 बजे ट्रेन संख्या 13051 के आगमन पर उसके सामान्य कोच में दो काले रंग के संदिग्ध बैग दिखाई दिए। बैग के संबंध में आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया।

इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली गई। जांच में बैगों से Haywards 5000 Premium Strong Beer की कुल 84 कैन बरामद हुई। प्रत्येक कैन 500 मिलीलीटर की थी। बरामद बीयर की कुल मात्रा 42 लीटर तथा कुल कीमत 9,240 रुपये आंकी गई। सभी कैन पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया।

आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब को कब्जे में लिया और सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया। बाद में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त बीयर को उत्पाद विभाग, धनबाद के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल यह बरामदगी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की गई है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....