जमुई- आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति देख भड़की जिलाधिकारी, सुधार के दिए कड़े निर्देश

KK Sagar
2 Min Read

जमुई की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आज सोनो प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सेविका और सहायिका अनुपस्थित पाई गईं, हालांकि बाद में वे उपस्थित हो गईं।

जिलाधिकारी ने सीडीपीओ से विद्युत कनेक्शन, पेयजल, बच्चों के लिए खिलौने, छोटी कुर्सी आदि की उपलब्धता की जानकारी ली और निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग हो ताकि बच्चे खेल-खेल में सीख सकें। निरीक्षण के दौरान बच्चे फटी-पुरानी दरी पर बैठे पाए गए, जिससे उन्होंने नाराजगी जताई।

रसोई की जांच के दौरान बर्तन गंदे मिले और भोजन मेनू के अनुसार नहीं था। केंद्र पर मेनू भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। पोषाहार वितरण की व्यवस्था की भी जांच की गई। उपस्थित पंजिका समेत केंद्र संचालन से जुड़ी विभिन्न बातों की समीक्षा कर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Advertisement

उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इन केंद्रों का उद्देश्य बच्चों का मानसिक विकास करना है, जिससे वे प्राथमिक शिक्षा बेहतर तरीके से प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ जमुई, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनो, अंचलाधिकारी सोनो, सीडीपीओ सोनो सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....