डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:चेन्नई से सिंगापुर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 346 को उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। पायलटों ने समस्या का पता चलते ही हवाई अड्डा अधिकारियों से संपर्क किया और विमान को तुरंत चेन्नई एयरपोर्ट वापस लाया गया।
170 यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग
विमान में सवार लगभग 170 यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है और इसे जल्द ठीक किया जाएगा।
वैकल्पिक व्यवस्था के किए गए इंतजाम
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि यात्रियों को सिंगापुर भेजने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि विमान को एहतियातन जांच के लिए लैंड कराया गया था।
हवाई अड्डा अधिकारियों ने दी जानकारी
चेन्नई एयरपोर्ट अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पायलटों ने समस्या का पता चलते ही त्वरित निर्णय लिया और विमान को सुरक्षित वापस लाया गया। एयरलाइन और हवाई अड्डा प्रबंधन यात्रियों की हर संभव मदद में जुटे हुए हैं।