धनबाद: धनबाद लॉ कॉलेज में एलएलएम की पढ़ाई शुरू कराने और कॉलेज को सरकारी दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को AISA छात्र संगठन के छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र वाइस चांसलर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर खून से लिखा मांग पत्र VC के नाम सौंपा। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने यूनिवर्सिटी परिसर में हलचल मचा दी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि धनबाद लॉ कॉलेज में एलएलएम कोर्स शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस प्रस्ताव को एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट से मंजूरी भी मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोर्स शुरू नहीं हो पाया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक सुस्ती की वजह से लॉ के छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
छात्रों ने कहा कि अब सिर्फ एफिलिएशन कमिटी के निरीक्षण और अंतिम प्रक्रिया का काम बाकी है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने धनबाद लॉ कॉलेज को सरकारी कॉलेज घोषित करने और छात्रों को समय पर स्कॉलरशिप उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।
धरने के दौरान छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि हर साल बड़ी संख्या में छात्र एलएलएम की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख करने को मजबूर होते हैं।
वहीं यूनिवर्सिटी और कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रों को आश्वासन दिया गया कि अगले तीन महीनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जाएगी। साथ ही वर्ष 2027 से एलएलएम सत्र शुरू करने की संभावना जताई गई है।
हालांकि छात्रों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

