डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। जिला उपायुक्त और अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
चांडिल थाना के अंतर्गत खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 05 अवैध महुआ चुलाई अड्डों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। मौके से लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर तैयार अवैध शराब बरामद की गई, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
दोषियों पर कसेगा कानून का शिकंजा
उत्पाद विभाग केवल सामग्री नष्ट करने तक सीमित नहीं है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर विधिक कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

