भारतीय निर्वाचन आयोग ने देशभर में ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तीसरे चरण की शुरुआत करने का ऐलान कर दिया है। इस अभियान के तहत 16 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का वैरिफिकेशन किया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से होगा एसआईआर
चुनाव आयोग ने कहा है कि ये एसआईआर राज्यों में चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। इस बार आयोग ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा बदलाव किया है। सत्यापन का काम उन्हीं फील्ड स्टाफ को सौंपा गया है, जो जनगणना के लिए पहले से घर-घर जाकर जानकारी जुटा रहे हैं। इससे आम लोगों को बार-बार अलग-अलग टीमों को दस्तावेज दिखाने की परेशानी नहीं होगी और पूरा काम तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
तीन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में अभी नहीं होगा SIR
तीसरे चरण में वोटर लिस्ट की समीक्षा हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर लगभग पूरे देश को दायरे में लेगा। चुनाव आयोग ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि एसआईआर के तीसरे चरण में हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में मतदाता सूची में संशोधन का काम नहीं होगा। इन तीन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना के दूसरे चरण के पूरा होने और ऊपरी इलाकों, बर्फ से ढके क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर उचित विचार करने के बाद, इन तीन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए SIR का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
इन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में होगा एसआईआर
चुनाव आयोग ने कहा कि, मतदाता सूची के तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय, कर्नाटक, तेलंगाना, सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा में एसआईआर होगा। इसके अलावा तीन केनेद्र शासित प्रदेशों दिल्ली, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली और दमन-दीव में भी वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कराया जाएगा।
अब तक 59 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन
आयोग के मुताबिक, एसआईआर अभियान के पहले और दूसरे चरण में 13 राज्यों के करीब 59 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन पहले ही किया जा चुका है। उस दौरान 6.3 लाख बीएलओ और 9.2 लाख बीएलए सक्रिय रहे थे। अब तीसरे चरण के जरिए आयोग की कोशिश है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाए। आयोग के अनुसार, अगर किसी मतदाता के नाम, उम्र, पते या अन्य जानकारी में कोई गलती है, तो वह अपने नजदीकी बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा लोग अपने मतदान केंद्र पर जाकर भी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

