बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले राजद और कांग्रेस की ओर से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली जा रही है। वोटर अधिकार यात्रा का 8 दिन बीच चुका है। इस यात्रा में रविवार को राहुल गांधी ने पूर्णिया से अररिया जिले के नरपतगंज तक बाइक रैली की। इस रैली में उन्होंने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम को अपनी बुलेट पर बैठाया। अररिया पहुंचने पर यात्रा को एक दिन के लिए रोक दिया गया है। कल यानी मंगलवार को यह यात्रा सुपौल और मधुबनी में रहेगी। इस दौरान राहुल-तेजस्वी रोड शो भी करेंगे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होंगी।

17 अगस्त से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत की है। करीब 8 दिनों की यात्रा पूरी कर रविवार को राहुल गांधी और तेजस्वी की यात्रा अररिया पहुंची। आज यानी 25 अगस्त को यात्रा विराम है। फिर अगली सुबह यानी 26 को यह यात्रा सुपौल और मधुबनी में होगी।
प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी
26 अगस्त को प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 26 और 27 अगस्त को बिहार दौरे पर रहेंगी। प्रियंका के दो दिनों का दौरे में 26 अगस्त को वह सुपौल जिले में यात्रा करेंगी। उस दिन रात में विश्राम के बाद दूसरे दिन सीतामढ़ी का दौरा होगा और वह जानकी मंदिर में जाकर पूजा भी करेंगी। इन दो दिनों में वह बिहार की आधी आबादी महिला वोटरों को साधने का प्रयास करेंगी।
राहुल की बाइक रैली ने खींचा सबका ध्यान
रविवार को यह यात्रा खास रही क्योंकि राहुल गांधी ने पूर्णिया से नरपतगंज तक बाइक रैली निकालकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रैली में बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी शामिल हुए। दिलचस्प बात यह रही कि राहुल गांधी ने उन्हें अपनी बुलेट बाइक पर पीछे बैठाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।