जीजा-साली के प्यार में ‘टावर कांड’! शादी की जिद में पहले जीजा चढ़ा मोबाइल टावर पर, अगले दिन प्रेमिका साली ने भी किया हाई वोल्टेज ड्रामा

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद से लेकर गिरिडीह तक इन दिनों एक प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। शादीशुदा जीजा और उसकी साली के प्यार ने ऐसा मोड़ ले लिया कि दोनों अलग-अलग दिनों में मोबाइल टावर पर चढ़ गए। पहले प्रेमी जीजा सुनील महतो गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, तो अगले ही दिन उसकी प्रेमिका साली देवंती कुमारी धनबाद के गोमो इलाके में टावर पर चढ़कर पुलिस हिरासत से प्रेमी को छोड़ने की मांग करने लगी।

घटना धनबाद जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र स्थित गोमो के सिकलाईन इलाके की है। रविवार सुबह अचानक युवती को मोबाइल टावर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की, जिसके बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही प्रेमी सुनील महतो निमियाघाट थाना के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा था। युवक पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा है। दोनों शादी करने की जिद पर अड़े हुए हैं।

स्थानीय मुखिया अहमद अली ने बताया कि युवती काफी देर तक टावर पर बैठी रही। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर उसे समझाया, तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं जिला परिषद सदस्य धनंजय कुमार ने भी पूरे मामले को गंभीर बताते हुए युवाओं से ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की।

लगातार दो दिनों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जीजा-साली की यह प्रेम कहानी अब गांव से लेकर शहर तक चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस दोनों को समझाकर मामला शांत कराने में जुटी हुई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....