प्रमुख गीता देवी, थाना प्रभारी विक्की कुमार और जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण, ग्रामीणों के बीच बांटे गए पौधे
मनातू (पलामू)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मनातू प्रखंड में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मनातू प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने पौधारोपण कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जंगलों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रतिवर्ष कम से कम दस पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
वहीं मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। ये न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण करने और प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव, जिला परिषद सदस्य प्रदीप कुमार चावला, वीरेंद्र सिंह यादव, रामचंद्र भुइयाँ, संकेश्वर गिरी, उमेश प्रसाद साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों ने पौधों को अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। साथ ही उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा, “पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य दें।”

