रेलवे का चोरी हुआ कॉपर केबल जलाते पकड़े गए दो आरोपी, मास्टरमाइंड फरार

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद RPF की कार्रवाई में 50 मीटर रेल संपत्ति बरामद, कबाड़ी गोदाम पर छापेमारी

Railway Protection Force की धनबाद पोस्ट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे का चोरी हुआ कॉपर केबल जलाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 मई 2026 को दुग्धा स्थित सिद्धू-कान्हू (शांति) चौक पर की गई।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर RPF धनबाद की टीम ने कृष्णा साव उर्फ अकलू के कबाड़ी दुकान पर छापेमारी की। वहां रेलवे का करीब 50 मीटर चोरी हुआ कॉपर केबल जलाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से संजय रवानी उर्फ लाल देव रवानी (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर फरार व्यक्ति जयनाथ साव (48 वर्ष) को भी स्थानीय प्रशासन की मदद से गहन छापेमारी के बाद शाम 5:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पास से एक-एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि निचितपुर स्टेशन के पास रखे रेलवे के स्पेयर कॉपर केबल को उन्होंने बोकारो सेक्टर-9 निवासी कबाड़ी गोदाम मालिक कृष्णा गुप्ता उर्फ अकलू साव के कहने पर चोरी किया था। चोरी के बाद शनिवार सुबह उसे कबाड़ी गोदाम में जलाकर तांबा निकालने की कोशिश की जा रही थी, तभी RPF टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।

घटना का मुख्य आरोपी और कबाड़ी गोदाम संचालक कृष्णा गुप्ता उर्फ अकलू साव फिलहाल फरार बताया जा रहा है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।

इस मामले में उप निरीक्षक कुंदन कुमार के शिकायत पत्र के आधार पर कांड संख्या 10/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर RP(UP) एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक पालिक मिंज को सौंपी गई है। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि फरार आरोपी कृष्णा गुप्ता उर्फ अकलू के खिलाफ पहले भी रेलवे संपत्ति चोरी के दो मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी जयनाथ साव का नाम भी पुराने मामले में सामने आ चुका है। पुलिस अब पूरे गिरोह और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े कनेक्शन की जांच में जुट गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....