डिजिटल डेस्क। पश्चिमी सिंहभूम : प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के जोनल कमेटी सदस्य विनय गंझू उर्फ संजय गंझू उर्फ बारिया उर्फ भुखन उर्फ संजय और एरिया कमेटी सदस्य हेमंती मंझियाईन को सुरक्षा बलों ने बुधवार की अहले सुबह मुठभेड़ में ढ़ेर कर दिया। नक्सलियों के पास से दो इंसास रायफल, 313 गोली समेत अन्य नक्सली सामाग्री भारी मात्रा में बरामद किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक झारखंड रांची अनुराग गुप्ता ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान, सारंडा व पोड़ाहाट क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है। जिसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा, झारखण्ड जगुआर व सीआरपीएफ बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सूचना प्राप्त हुई कि माओवादी रिजनल कमेटी सदस्य अमित मुण्डा जो 15 लाख का ईनामी नक्सली है, अपने दस्ता जिसमें जोनल कमेटी सदस्य संजय गंझू, प्रभात मुण्डा उर्फ मुखिया, सालुका कायम, हेमंती मंझियाईन एवं अन्य माओवादी उग्रवादी के दस्ता के सदस्यो के साथ पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा जिला के पोड़ाहाट वन क्षेत्र सोनुवा थानान्तर्गत ग्राम विलायती टोला, लोजों, कुदाबुरू, जोजोदा, केराबीर, नचलदा व झरगॉव के आस-पास पहाड़ी, जंगली क्षेत्र में भ्रमणशील है। यह दस्ता एक बड़ा घटना को अंजाम देने के फिराक में है। डीजीपी ने कहा कि उक्त सूचना के आलोक में पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के नेतृत्व में एक संयुक्त अभियान दल का गठन किया गया। जिसमें चाईबासा पुलिस एवं कोबरा 209 बटालियन को शामिल किया गया। उक्त अभियान के क्रम में बुधवार को समय सुबह 6.15 से 6.30 बजे के बीच में सोनुवा थानान्तर्गत विलायती टोला के समीप जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) उग्रवादियों की ओर से सुरक्षाबलों को देखकर गोलाबारी प्रारंभ कर दी गई। आत्मरक्षा के लिए सुरक्षा बलों के द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख उग्रवादी दस्ता के सदस्य पहाड़ व घने जंगल का लाभ लेते हुए भाग खड़े हुए।
मुठभेड़ के बाद आस-पास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया, जिस दौरान एक पुरुष और एक महिला नक्सली का शव व हथियार, कारतूस एवं अन्य सामान बरामद की गई। शव की पहचान प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के जोनल कमेटी सदस्य विनय गंझू उर्फ संजय गंझू उर्फ बारिया उर्फ भुखन उर्फ संजय निवासी- लोमगा टोला कुसुम, थाना सिमरिया जिला-चतरा व एरिया कमेटी हेमंती मंझियाईन निवासी गोरगोरवा, थाना नवाडीह जिला बोकारो के रूप में की गई है। इसके बाद दोनों के शव को सुरक्षित जंगल से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीजीपी गुप्ता ने कहा कि संजय गंझू के ऊपर विभिन्न थानों में लगभग पांच मामले दर्ज किये गये थे। साथ ही हेमंती मंझियाईन के विरुद्ध झारखंड-बिहार राज्य के अलग-अलग थानों में 21 से अधिक मामले दर्ज थे। दोनों नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार आदि सामाग्री बरामद किया गया है। इसमें प्रमुख रुप से इंसास रायफल दो, जिंदा कारतूस 313, इंसास मैंगजीन 9, डेटोनेटर 28 पीस, मैगजीन पाउच, मोबाइल, पैन ड्राईव, डायरी, नक्सली साहित्य, काला वर्दी समेत अन्य सामाग्री शामिल है।