डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:केंद्र सरकार की किसान कल्याण और कृषि सशक्तिकरण की पहलों को जमीन तक पहुंचाने और सरकार-मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जमशेदपुर में वार्तालाप-2026 मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सूचना व प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय रांची द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय 12 साल विश्वास के विकास के जनकल्याण के व किसान सशक्तिकरण और किसान सम्मान निधि रहा। इस कार्यशाला में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के करीब 70 पत्रकारों ने हिस्सा लिया, जहां केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर गंभीर और सार्थक चर्चा हुई।
योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंचाना मीडिया का धर्म: अखिल कुमार मिश्रा
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए PIB रांची, भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच लगातार और सार्थक बातचीत लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है। वार्तालाप जैसी पहल का उद्देश्य यही है कि जनहित की योजनाओं की सही और तथ्यपरक जानकारी आम लोगों तक पहुंचे और इसमें मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। वहीं PIB रांची के मीडिया व संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि कैसे इन जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने में सकारात्मक बदलाव लाया है।
‘ड्रोन दीदी’ और ‘मृदा स्वास्थ्य कार्ड’ से सशक्त हो रहे हैं अन्नदाता
तकनीकी सत्र के दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
आधुनिक कृषि तकनीक: झारखंड दूरदर्शन समाचार इकाई के प्रमुख व सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने कहा कि नमो ड्रोन दीदी और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाएं आज के समय में किसानों के सशक्तिकरण के लिए गेम-चेंजर साबित हो रही हैं।
वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी आय: कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक (कृषि अभियांत्रिकी) सुरेंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि किसान कैसे वैज्ञानिक तरीकों और नई तकनीकों को अपनाकर अपनी लागत कम कर सकते हैं और मुनाफे को बढ़ा सकते हैं।
जिला प्रशासन की भागीदारी: जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने भी किसानों के हित में उठाए जा रहे स्थानीय व केंद्रीय कदमों पर अपने विचार साझा किए।
विकसित भारत-2047 के निर्माण में सकारात्मक पत्रकारिता की जरूरत
कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकारों और विशेषज्ञों ने देश के विकास में मीडिया की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला। पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने जोर देकर कहा कि साल 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश में एक सकारात्मक और उत्तरदायी मीडिया का होना बेहद जरूरी है।
पत्रकारों के लिए भी विशेष योजनाएं
PIB रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने कार्यशाला में मौजूद पत्रकारों को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पत्रकार कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि फील्ड में काम करने वाले मीडियाकर्मी इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं।
पीआईबी की कार्यप्रणाली पर हुई प्रस्तुति
कार्यक्रम के अंतिम चरण में PIB रांची की यंग प्रोफेशनल शिवानी कुमारी केसरी ने एक विशेष प्रेजेंटेशन के जरिए पीआईबी की कार्यशैली और मीडिया के साथ इसके जुड़ाव की बारीकियों को समझाया। इस दौरान एक इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए गए। इस पूरी कार्यशाला को सफल बनाने में सूचना सहायक प्रिंस कुमार, यंग प्रोफेशनल शिवेंद्र नाथ तिवारी समेत पीआईबी के अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

