Home#26 जनवरीनई दिल्लीदिल्ली चुनाव: कांग्रेस की पहली गारंटी, 'प्यारी दीदी योजना' के तहत महिलाओं...

दिल्ली चुनाव: कांग्रेस की पहली गारंटी, ‘प्यारी दीदी योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रूपये

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने सोमवार को अपनी पहली गारंटी जारी की। इस गारंटी के तहत ‘प्यारी दीदी योजना’ लागू की जाएगी, जिसके अंतर्गत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने ₹2500 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना की घोषणा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह और प्रवक्ता रागिनी नायक ने संयुक्त रूप से की।

केजरीवाल सरकार पर निशाना

घोषणा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में एक सपनों का सौदागर बैठा है, जो वादे तो खूब करता है लेकिन उन्हें पूरा करने में असफल रहता है। यादव ने कहा, केजरीवाल अपनी योजनाओं में बाधाओं के लिए केंद्र और एलजी को दोष देते हैं, लेकिन पंजाब में जहां उनकी पूर्ण सरकार है, वहां अब तक महिलाओं को महिला सम्मान राशि क्यों नहीं दी गई? यह उनकी नीयत पर सवाल खड़ा करता है।

शीशमहल में खर्च, महिलाओं के लिए नहीं

राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने भी केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, केजरीवाल अपने शीशमहल में जनता के टैक्स का पैसा खर्च करते हैं, लेकिन महिलाओं के लिए कुछ नहीं करते। पंजाब में महिलाएं जब उनसे सवाल करती हैं, तो आप सरकार उन्हें ‘कांग्रेसी’ कह देती है। दिल्ली की स्थायी समस्याओं का समाधान कांग्रेस की स्थायी सरकार ही करेगी। पहली कैबिनेट बैठक में ही इस योजना को मंजूरी देकर मार्च से महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी।”

कांग्रेस की रणनीति: बड़े चेहरे मैदान में

दिल्ली चुनाव में कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को मजबूत करते हुए 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी के वार रूम से प्रत्याशियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

राहुल, प्रियंका और खरगे की बड़ी रैलियां

कांग्रेस की टॉप लीडरशिप, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हैं, चुनाव प्रचार में सक्रिय होंगी। इनके अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा और कन्हैया कुमार जैसे प्रमुख नेता भी दिल्ली में प्रेस वार्ता और जनसभाएं करेंगे।

कांग्रेस का घोषणापत्र जल्द

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी का घोषणापत्र जल्द ही जारी किया जाएगा, जिसमें अन्य गारंटियों और योजनाओं का ऐलान होगा। पार्टी का दावा है कि दिल्ली की जनता अब स्थायी समाधान चाहती है और कांग्रेस इस भरोसे को जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
mirrormedia
mirrormediahttps://mirrormedia.co.in
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views

Most Popular