रामगढ़: जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे करीब 50 फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ऋतुराज ने सभी फरियादियों से संवेदनशीलता के साथ बारी-बारी मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान कराया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण सहित विभिन्न जन समस्याएं सामने आईं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण कर लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत किया जाए।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखने और त्वरित कार्रवाई होने पर संतोष व्यक्त किया तथा जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

