सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीण बोले- जल्द मरम्मत नहीं हुई तो होगा आंदोलन।
पलामू : पलामू के नौडीहा क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और भारी हाइवा वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगी, तो वे सड़क जाम कर हाइवा वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर देंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड हाइवा वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं।
बता दें कि रोजाना इस सड़क से कई पत्थर लदे वाहन पास होते हैं जिससे यह सड़क की स्थिति और भी जर्जर हो गई है। 2017 में ही इस सड़क का निर्माण कराया गया था लेकिन भारी मात्रा में हाइवा के गुजरने से सड़क की स्थिति बेहद ही ख़राब हो गई है आलम ये है कि आवागमन बाधित है बच्चे स्कूल जाने के लिए परेशानी का सामान करते है जबकि लोग भी परेशान है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

