डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : क्या आपका नाम मतदाता सूची से गायब है या आप अपने क्षेत्र के अनट्रेस्ड (लापता) मतदाताओं में शामिल हैं? अगर हां, तो अब चिंता की बात नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू हो रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 के तहत अब बूथ लेवल ऑफिसर के साथ-साथ विशेष वॉलंटियर्स की फौज आपके दरवाजे पर दस्तक देने आ रही है। 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस महाअभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी सिलसिले में रविन्द्र भवन सभागार में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और नामित वॉलंटियर्स के लिए एक वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
क्या है वॉलंटियर्स का मुख्य जिम्मा?
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का खुद निरीक्षण किया और साफ शब्दों में कहा कि इस बार एक भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वॉलंटियर्स को संबंधित बीएलओ के साथ टैग कर दिया गया है।
इन 5 प्रमुख बिंदुओं पर रहेगा वॉलंटियर्स का फोकस
लापता वोटरों की खोज: ऐसे मतदाता जिनका पता नहीं मिल पा रहा है, वॉलंटियर्स बीएलओ के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर उनका भौतिक सत्यापन करेंगे।
डोर-टू-डोर संपर्क: टीम घर-घर जाकर फॉर्म भरने से लेकर वोटर लिस्ट से जुड़े हर जरूरी दस्तावेज के बारे में लोगों का मार्गदर्शन करेगी।
प्रवासी श्रमिकों को सहारा: अगर कोई प्रवासी मजदूर, योग्य नागरिक या नया वोटर प्रक्रिया में परेशानी का सामना कर रहा है, तो वॉलंटियर्स उसकी समस्या को सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल: प्रशिक्षण में वॉलंटियर्स को डिजिटल टूल्स और ऐप्स के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई है ताकि कागजी कार्रवाई में देरी न हो।
इन खास वर्गों को मिलेगी प्रायोरिटी
प्रशासन का विशेष जोर समाज के उन तबकों पर है जो अक्सर मतदान केंद्रों तक पहुंचने या फॉर्म भरने में असमर्थ होते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि वॉलंटियर्स वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, बीमार व्यक्ति, आर्थिक रूप से कमजोर और संवेदनशील वर्ग लोगों को प्राथमिकता के आधार पर घर बैठे सहयोग देंगे।
आपसी तालमेल और पारदर्शिता पर जोर
इस मौके पर मौजूद उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने भी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने वॉलंटियर्स और बीएलओ को कुशलता से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के गुर सिखाए। अधिकारियों ने अपील की है कि अगले एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सभी पूरी पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जिले की मतदाता सूची 100% शुद्ध और अपडेटेड बन सके। यह विशेष अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक सक्रिय रहेगा। अगर आपके क्षेत्र में भी कोई वॉलंटियर आए, तो मतदाता सूची को बेहतर बनाने में उनका सहयोग जरूर करें।

