रात के अंधेरे में डिमना लेक पर क्या हुआ? 2 डॉक्टरों की मौत, 1 साथी बाल-बाल बचा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर के प्रसिद्ध डिमना लेक क्षेत्र में देर रात एक मामूली लापरवाही ने दो होनहार डॉक्टरों की जिंदगी छीन ली। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के 2020 बैच के दो होनहार जूनियर इंटर्न डॉक्टर समीर लाल और सक्षम सिंह की लेक के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में उनका तीसरा साथी डॉक्टर यश बाल-बाल बच गया।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
​जानकारी के अनुसार MGM कॉलेज के तीन इंटर्न डॉक्टर (समीर लाल, सक्षम सिंह और डॉ. यश) देर रात डिमना लेक घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनमें से एक का मोबाइल फोन लेक के गहरे पानी में गिर गया। पानी में गिरे फोन को निकालने के चक्कर में और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में समीर और सक्षम पानी के तेज बहाव और गहराई में समा गए। हालांकि किस्मत से उनका तीसरा साथी डॉ. यश सुरक्षित बाहर निकल आया।

मेडिकल कॉलेज में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
​घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों डॉक्टरों के शवों को झील से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस भयावह हादसे के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी छात्र और फैकल्टी गहरे सदमे में हैं।

काशीडीह से डाल्टनगंज तक कोहराम
​घटना की खबर मिलते ही समीर कुमार के काशीडीह स्थित घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों ने भावुक होकर बताया कि समीर बचपन से ही काफी होनहार था और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहता था। हादसे के बाद से काशीडीह से लेकर डाल्टनगंज तक मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Share This Article