डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: रंगदारी न मिलने पर टिनप्लेट सब्जी मंडी में गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने वाले बेखौफ अपराधियों पर आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया है। गोलमुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के तीन कुख्यात बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की है।
18 जुलाई की शाम को दी थी वारदात को अंजाम
गौरतलब है कि बीते 18 जुलाई की शाम टिनप्लेट सब्जी मार्केट के एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार किया, तो अपनी धौंस जमाने और इलाके में खौफ का माहौल बनाने के लिए बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद गोलमुरी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
स्पेशल टीम ने ऐसे कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सबसे पहले करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर गैंग के तीसरे सदस्य रॉमी सिंह उर्फ सरदार को भी दबोच लिया गया।
भारी-भरकम है आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड
करण सिंह उर्फ जसकरण: इस मुख्य आरोपी पर गोलमुरी, बिष्टुपुर और रेल थाने में हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन जुर्म के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।
मनदीप सिंह: इस आरोपी पर भी हत्या के प्रयास और मारपीट समेत 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के बाकी नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ जारी है।

