तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने वर्ष 2023 में एक कार्यक्रम में तत्कालीन सीएम केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा था कि मेरा डीएनए तेलंगाना का है, केसीआर का डीएनए बिहारी है। मेरा डीएनए केसीआर से बेहतर है। उनके इस बयान को बिहारियों ने अपमानजनक माना था और तब खूब बवाल हुआ था। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी का ये बयान एक बार फिर सुर्खियो में है। दरअसल ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल होने बिहार पहुंचे रेवंत रेड्डी को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है।

रेवंत रेड्डी के दौरे पर राहुल-प्रियंका से माफी की मांग
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने बिहार पहुंचे तो उनके ‘बिहार डीएनए’ वाले बयान ने बिहार में सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। रेवंत रेड्डी के बिहार दौरे पर लेकर बीजेपी के नेता हमलावर हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बिहार के डीएनए पर सवाल उठाने वाले तेलंगाना सीएम को यात्रा में बुलाने पर राहुल और प्रियंका को राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
स्रमाट चौधरी का हमला
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, कांग्रेस पार्टी बिहार को ऐसे ही गाली देती रहती है और रेवंत रेड्डी आज यहां आए हैं, बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। प्रियंका गांधी बिहार आई हैं, उन्हें बताना चाहिए कि उनकी दादी ने कैसे बिहार को लूटा, उनके पिता ने कैसे आरक्षण का विरोध किया, उनकी दादी के पिता ने कैसे दलितों के आरक्षण का विरोध किया, उनकी मां ने कैसे बिहार के साथ अन्याय किया, जो राहुल गांधी घूम रहे हैं, उन्होंने लालू यादव के बिल को फाड़कर मुखिया बनने लायक भी नहीं छोड़ा।
पीके बोले- बिहार में रेवंत को ‘लाठी-डंडों’ से दौड़ाया जाएगा
रेवंत रेड्डी के बिहार दौरे को लेकर बीजेपी ही हमलावर नहीं है। जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने तीखा बयान देकर मुद्दे को और गर्म कर दिया है। प्रशांत किशोर ने इसे बिहारियों की मेहनत को मजाक उड़ाने वाला बताया है। जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने जून 2025 में एक साक्षात्कार में रेवंत के बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा, रेवंत कहते हैं कि बिहारियों के डीएनए में मजदूरी है। फिर राहुल गांधी उन्हें बिहार में मंच पर घुमा रहे हैं। यह उनकी मानसिकता दिखाता है। किशोर ने राहुल से बिहार के गांव में एक रात बिताने की चुनौती दी और रेवंत से माफी की मांग की। किशोर का दावा है कि बिहार में रेवंत को ‘लाठी-डंडों’ से दौड़ाया जाएगा।