नवादा में फंदे पर मिली महिला, पलंग पर पड़ी थीं दो मासूम बेटियां; एक ही घर से उठीं तीन अर्थियां

Reena Sharma
2 Min Read

नवादा: बिहार के नवादा जिले के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र स्थित दर्जी टोला मोहल्ले में एक ही घर से महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को बरामद किया। मृतकों की पहचान दर्जी टोला निवासी शाहिद की पत्नी नीदा, उसकी चार वर्षीय बेटी शारिया और डेढ़ वर्षीय बेटी शीजरा के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि नीदा अपने सास-ससुर और दोनों बच्चियों के साथ घर में रहती थी, जबकि उसका पति विदेश में नौकरी करता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह घर से शोर सुनाई देने के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पूरे मोहल्ले में खबर फैल गई। परिवार में किसी विवाद की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी।

सूचना मिलते ही बुंदेलखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतका अपने बच्चों और सास-ससुर के साथ रहती थी। घटना को लेकर सास-ससुर फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। ऐसे में महिला और दोनों बच्चियों की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से खुलेगा राज: डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर महिला फंदे से लटकी हुई मिली, जबकि दोनों बच्चियां पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share This Article