झारखंड में उत्पाद विभाग में बड़ा फेरबदल, संजय कुमार मेहता बने उपायुक्त उत्पाद; 9 अधिकारियों को मिली पदोन्नति

Reena Sharma
2 Min Read
Transfer posting

रांची: झारखंड सरकार के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने 17 अगस्त 2026 को अधिकारियों की पदोन्नति और नई पदस्थापना को लेकर अधिसूचना जारी की है। विभाग के उप सचिव अमर कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश के तहत कई सहायक आयुक्त और निरीक्षक उत्पाद को प्रोन्नति देते हुए अलग-अलग जिलों और मुख्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें सहायक आयुक्त उत्पाद संजय कुमार मेहता की पदोन्नति प्रमुख है।

संजय कुमार मेहता बने उपायुक्त उत्पाद: अधिसूचना के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद (लेवल-9) संजय कुमार मेहता को उपायुक्त उत्पाद के पद पर प्रोन्नति दी गई है। पदोन्नति के बाद उन्हें उपायुक्त उत्पाद, दक्षिणी छोटानागपुर-सह-कोलहान-सह-पलामू प्रमंडल, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी: विभागीय आदेश के तहत सहायक आयुक्त उत्पाद राकेश कुमार को प्रोन्नति देकर उपायुक्त उत्पाद, मुख्यालय बनाया गया है। वहीं निरीक्षक उत्पाद आशुतोष कुमार को अधीक्षक उत्पाद, साहेबगंज, शैलेन्द्र कुमार को अधीक्षक उत्पाद, कोडरमा, सुजीत कुमार को अधीक्षक उत्पाद, पलामू, अनिल कुमार शर्मा को अधीक्षक उत्पाद, खूँटी, शिव कुमार साहू को अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह, क्षितिज विजय मिंज को अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावाँ और रामदास भगत को अधीक्षक उत्पाद, सिमडेगा के पद पर पदस्थापित किया गया है।

प्रभार ग्रहण करने की तारीख से मिलेगा वित्तीय लाभ: अधिसूचना में कहा गया है कि पदोन्नत पदाधिकारियों को प्रोन्नति का वास्तविक वित्तीय लाभ झारखंड सेवा संहिता के नियम-58 और झारखंड वित्त नियमावली के नियम-74 के प्रावधानों के तहत मिलेगा। यह लाभ प्रोन्नत पद पर प्रभार ग्रहण करने की तिथि से देय होगा। विभाग के इस आदेश के बाद अब संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यभार संभालना होगा।

Share This Article