धनबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

Reena Sharma
2 Min Read

कतरास, झरिया और बाघमारा के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर बीएलओ सुपरवाइजर की तय होगी जिम्मेदारी

धनबाद। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के कतरास, झरिया और बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया।

खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करना होगा।

उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर SIR कार्य में शिथिलता या लापरवाही मिलेगी, वहां संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं, किसी भी स्तर पर कोताही मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

एक भी पात्र नागरिक का नाम न छूटे

के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए उपलब्ध अभिलेखों और मतदाता सूची से संबंधित तथ्यों की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने को कहा। साथ ही परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करने, पात्र युवा भारतीय नागरिकों को फॉर्म-6 और घोषणापत्र भरने के लिए प्रेरित करने तथा नाम, पता या उम्र में किसी विसंगति को सुधारने के लिए फॉर्म-8 भरवाने का निर्देश दिया।

Share This Article