डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने सदर अंचल क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे अंचल के कर्मचारी भवन में छापा मारकर लेम पंचायत (हल्का-7) के राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के तुरंत बाद टीम आरोपी कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद द्वारा एक जमीन के म्यूटेशन के बदले गैरकानूनी तरीके से पैसों की मांग की जा रही थी। पीड़ित नागरिक लगातार दफ्तर के चक्कर काट रहा था, लेकिन बिना रिश्वत काम करने को कोई तैयार नहीं था।
एसीबी ने ऐसे बिछाया जाल
परेशान होकर पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। एसीबी की तकनीकी टीम ने सबसे पहले इस शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने का मामला पूरी तरह सही पाया गया। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की तय रकम (दस हजार रुपये) लेकर राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने पैसों को अपने हाथ में लिया, सादे लिबास में पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। टीम ने घूस की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
महकमे में मचा हड़कंप
अचानक हुई इस एंटी करप्शन कार्रवाई से सदर अंचल कार्यालय और कर्मचारी भवन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद से राजस्व विभाग के अन्य भ्रष्ट कर्मियों और अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी अब आरोपी कर्मचारी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

