गालूडीह थाना क्षेत्र के जोड़सा पंचायत अंतर्गत चोड़िन्दा गांव में सोमवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। माणिक सिंह, करमु सिंह और मनोज गोप के परिवार घरों में ताला लगाकर झुमुर कार्यक्रम देखने गए थे। रात करीब 12 बजे लौटने पर उन्हें घरों के ताले टूटे मिले और अलमारी से आभूषण गायब थे। तीनों घरों से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है।
दोनों भाइयों के घर से करीब एक लाख के जेवर चोरी
माणिक सिंह के घर से सोने का लॉकेट, चांदी की पायल और सोने का झुमका, जबकि उनके भाई करमु सिंह के घर से सोने की अंगूठी, झुमका, चेन और अन्य आभूषण चोरी हुए। दोनों भाइयों के घर से करीब एक लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की बात कही जा रही है।
मनोज गोप के घर से जेवरात की लंबी सूची गायब
मनोज गोप के घर से सोने के दो लॉकेट, चांदी की चूड़ी, पायल, पांच चेन, चार अंगूठी, ब्रेसलेट और दो बिछिया चोरी हुई। मनोज गोप ने करीब एक लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की बात बतायी है।
पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात से ही छापेमारी शुरू कर दी। मंगलवार को थाना प्रभारी अंकु कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम ने तीनों घरों की जांच की। पुलिस ने चोड़िन्दा निवासी कृष्णा सिंह, जोड़सा निवासी भवेश गोराई व पवन शर्मा, गालूडीह डांगापाड़ा निवासी अजय साधनदार, ऊपरडांगा निवासी सूरज देवरी और बड़बिल निवासी संदीप भकत को हिरासत में लिया है।
सभी से पूछताछ की जा रही है। इसी झुमुर कार्यक्रम स्थल से जोड़सा निवासी लालटू महतो की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी चोरी हुई, जबकि रविवार को गालूडीह मीना बाजार से जोड़सा निवासी प्रभात बोस की स्प्लेंडर बाइक चोरी हुई थी। पुलिस दोनों बाइक चोरी के मामलों की भी जांच कर रही है।

