ड्रग्स का काला कारोबार बेनकाब! 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: एमजीएम थाना अंतर्गत पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ शिकंजा कसते हुए दो युवकों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 510 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। पकड़े गए तस्करों की पहचान सूरज थापा और करण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और इस अवैध धंधे में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच05ईजे-5734) भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 22 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को यह गोपनीय सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपीट कॉलोनी के इर्द-गिर्द कुछ संदिग्ध युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। इस पुख्ता सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी के निर्देश के अनुसार डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।

गठित टीम ने तकनीकी और जमीनी स्रोतों से सूचना की पुष्टि करने के बाद रिपीट कॉलोनी के पीछे स्थित काली मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस की इस दबिश के दौरान दोनों संदिग्ध मौके पर ही धरे गए। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो सूरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

Advertisement

सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस पूरे मामले को लेकर एमजीएम थाने में कांड संख्या 112/2026, 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(2)(ii) और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21(ए), 21(बी), 27 व 29 के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की है।

अब सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
फिलहाल, स्थानीय पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इतनी भारी मात्रा में ब्राउन शुगर इन दोनों तस्करों तक आखिर कहां से पहुंचाई जाती थी। इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन से बड़े चेहरे या सिंडिकेट के लोग जुड़े हैं, इसका पता लगाने के लिए आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और उनके संपर्कों की गहनता से जांच की जा रही है ताकि ड्रग्स तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Share This Article