दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
सभी पूजा समितियों को अग्निशमन, भवन प्रमंडल और विद्युत विभाग से एनओसी लेना होगा। पंडालों में अग्निशामक यंत्र, बालू की बाल्टियां, प्राथमिक उपचार और बिजली के वैकल्पिक स्रोत की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी।
CCTV, बैरिकेडिंग और अलग कतार
पंडालों में इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे और एलईडी स्क्रीन लगानी होंगी। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार, प्रवेश-निकास द्वार और पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था करनी होगी। वॉलंटियर पहचान-पत्र और निर्धारित ड्रेस में तैनात रहेंगे।
गोविंदपुर समेत प्रमुख चौक-चौराहों से हटेगा अतिक्रमण
यातायात सुचारू रखने के लिए गोविंदपुर मुख्य बाजार सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सड़क व फुटपाथ से अवरोध हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों को 24 घंटे हाई अलर्ट
सभी अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। दवाइयों, एंबुलेंस, आपातकालीन बेड और पंडालों में मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
खाद्य दुकानों की होगी जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी तेल, मसाले, दूध-पनीर, चाट-पकौड़ी और पेय पदार्थों की जांच करेंगे। प्रशासन ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

