डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा ट्रैक के रखरखाव, पावर ब्लॉक और पीक्यूआरएस ब्लॉक के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल के बीच यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन के संचालन को दिसंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
दिसंबर तक पटरी पर दौड़ेगी पटना-हावड़ा स्पेशल
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 02024 / 02023 पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल का परिचालन अब दिसंबर महीने तक जारी रहेगा।
02024 पटना-हावड़ा स्पेशल: यह ट्रेन 4 अक्टूबर से 13 दिसंबर 2026 के बीच प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। इस अवधि में इस गाड़ी के कुल 11 फेरे तय किए गए हैं।
02023 हावड़ा-पटना स्पेशल: वापसी की दिशा में यह ट्रेन भी इसी तय अवधि में हर रविवार को चलेगी और इसके भी कुल 11 फेरे होंगे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार ही पटरियों पर दौड़ेगी, जिससे इस व्यस्त रूट के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
मेंटेनेंस कार्य के चलते चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द और ब्लॉक लागू
ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विभिन्न मंडलों में रखरखाव का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
बर्द्धमान-तालित खंड पर ब्लॉक: पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल के अंतर्गत बर्द्धमान और तालित स्टेशनों के बीच ट्रैक मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 9 सितंबर को 180 मिनट का विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक रहेगा, जो रात 2:05 बजे से सुबह 5:05 बजे तक प्रभावी होगा।
रद्द रहने वाली ट्रेनें: इस ब्लॉक की वजह से बर्द्धमान से चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें (संख्या 63505 और 63507) तथा आसनसोल से चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें (संख्या 63506 और 63512) पूरी तरह रद्द रहेंगी।
रांची मंडल में भी ब्लॉक: दूसरी तरफ दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के अंतर्गत किता-सिली डाउन लाइन पर भी तीन घंटे का पीक्यूआरएस ब्लॉक लिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

