रामकनाली में अवैध खनन की ‘री-एंट्री’! बंद मुहाना फिर खुला, GPS वीडियो ने खोली कोयला चोरी की पोल

Reena Sharma
3 Min Read

बंद मुहाना फिर खुलने से उठे सवाल

धनबाद में भू-धंसान और अवैध कोयले के कारोबार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच कोयला तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बंद कराए गए अवैध मुहानों को दोबारा खोलकर कोयला चोरी की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। रामकनाली ओपी क्षेत्र के बेलोंजाबाद टावर के समीप अवैध कोयला खनन की कोशिश का एक वीडियो सामने आया है।

6 सितंबर के वीडियो से सामने आई तस्वीर

सामने आए वीडियो की GPS ट्रैकिंग के मुताबिक यह वीडियो 6 सितंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में अवैध सुरंग तक पहुंचने वाले रास्ते को मजदूरों के जरिए साफ करते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले इसी स्थान पर CISF ने छापेमारी कर अवैध मुहाने को बंद कराया था। इसके बावजूद कथित तौर पर उसी मुहाने को दोबारा खोलकर कोयला निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई।

कार्रवाई के बाद भी कैसे खुल गया मुहाना?

BCCL क्षेत्र में अवैध कोयला चोरी के खिलाफ CISF का सघन जांच अभियान लगातार जारी है। अवैध मुहाने बंद किए जा रहे हैं, कोयला जब्त किया जा रहा है और छापेमारी भी हो रही है।

Advertisement

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि जब CISF पहले ही यहां कार्रवाई कर चुकी थी, तो आखिर बंद कराया गया अवैध मुहाना दोबारा कैसे खुल गया? यह सवाल निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी खड़ा हो रहा है।

पर्याप्त OB नहीं डालने का आरोप

जानकारी के अनुसार, यह इलाका बेहद खतरनाक है और यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बताया जा रहा है कि अवैध मुहाने को बंद करने के बाद वहां पर्याप्त OB यानी ओवरबर्डन नहीं डाला गया। ऐसे में कथित तौर पर कोयला चोरों को दोबारा रास्ता खोलने का मौका मिल रहा है। यदि यह स्थिति बनी रही तो अवैध खनन के साथ-साथ जान-माल के नुकसान का खतरा भी बढ़ सकता है।

BCCL-CISF से अब सख्त कार्रवाई की उम्मीद

वीडियो सामने आने के बाद अब जरूरत है कि BCCL प्रबंधन और CISF मामले को गंभीरता से लें। खुले अवैध मुहाने को तत्काल प्रभाव से बंद करने के साथ पूरे इलाके की निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि अवैध खनन पर अंकुश लगाया जा सके और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। सवाल सिर्फ कोयला चोरी का नहीं, बल्कि उन जिंदगियों का भी है जो कुछ रुपयों के लालच में इन खतरनाक सुरंगों में उतरने को मजबूर हैं। अब देखना होगा कि वीडियो सामने आने के बाद BCCL प्रबंधन और CISF की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Share This Article