बालूमाथ बाजार में कोयला वाहनों का कहर, जाम-धूल से त्रस्त व्यवसायियों ने मांगी नो-एंट्री और बाइपास

Reena Sharma
2 Min Read

मुख्य बाजार से भारी वाहनों के गुजरने पर बढ़ी परेशानी

बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार में कोयला लदे हाइवा और ट्रकों के आवागमन से जाम, धूलकण और दुर्घटनाओं की समस्या को लेकर बालूमाथ व्यवसायिक संघ ने अंचलाधिकारी के नाम बीडीओ सोमा उरांव को आवेदन सौंपकर समाधान की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि तेतरियाखाड़, तुबेद और मगध कोल परियोजनाओं से कोयला ढुलाई के दौरान भारी वाहन बालूमाथ मुख्य बाजार से होकर गुजरते हैं। इससे सड़क पर धूल उड़ने के साथ जाम की स्थिति बनती है।

दुकानदारों और राहगीरों को हो रही परेशानी

भारी वाहनों की आवाजाही से दुकानदारों, महिलाओं, बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज रफ्तार भारी वाहनों से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। व्यवसायियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक नो-एंट्री की मांग

व्यवसायियों ने सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी कोयला वाहनों की नो-एंट्री लागू करने तथा भारी वाहनों के लिए बाइपास सड़क की व्यवस्था करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, उपायुक्त, एसडीओ, परिवहन विभाग, पुलिस अधिकारियों और संबंधित कोयला परियोजनाओं के अधिकारियों को भी दी गई है। मौके पर मोनू गुप्ता, मो. तौफीक, देवनंदन प्रसाद, आशीष ओझा, सलमान फारसी, शैलेश सिंह, रामकुमार गुप्ता, वीरेंद्र उर्फ बबलू गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, मनोहर साव, आशीष कुमार ओझा, अनिल प्रजापति, विवेक राम, मो. एजाज समेत कई लोग उपस्थित थे।

Advertisement

Share This Article