कुलगो-घंघरी टोल प्लाजा में जागरूकता अभियान
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) के तत्वावधान में कुलगो-घंघरी टोल प्लाजा परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान दर्जनों दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट वितरित किए गए तथा उन्हें यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में बांटे गए हेलमेट
कार्यक्रम में NHAI धनबाद के परियोजना कार्यान्वयन इकाई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विशाल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, झामुमो के वरिष्ठ नेता राजकुमार पांडेय, जेएलकेएम विधायक प्रतिनिधि सूरज कुमार एवं सुजीत पटेल की मौजूदगी में बाइक चालकों के बीच हेलमेट का वितरण किया गया।
सुरक्षित घर पहुंचना सबसे जरूरी
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विशाल कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता के साथ प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, “जल्दी पहुंचने से ज्यादा जरूरी सुरक्षित घर पहुंचना है। देर हो जाए, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।” डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने भी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा के अनुरूप वाहन चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता देने की अपील की।
हेलमेट-सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर जोर
InvIT के टोल मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। NHAI ने सभी वाहन चालकों से सुरक्षित यात्रा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का सदैव उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की। मौके पर साइट इंजीनियर अमन उपाध्याय, रेसिडेंट इंजीनियर सौरभ सुमन, कंसल्टेंट इंजीनियर गौतम कुमार, टेक्निकल सुपरवाइजर लालू प्रसाद, InvIT स्टेट हाईवे प्रोडक्ट मैनेजर ए.एस. चौहान, टोल मैनेजर विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

