तोड़ने के दौरान भरभराकर गिरी पुरानी जलमीनार
रांची के जिला स्कूल में बुधवार को पुरानी और जर्जर जलमीनार भरभराकर गिर गई। कोतवाली थाने के पीछे हुए हादसे में मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के वक्त मजदूर जलमीनार को तोड़ने का काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक महीने से चल रहा था जलमीनार तोड़ने का काम
बताया जाता है कि पुरानी जलमीनार को तोड़ने का काम करीब एक महीने से चल रहा था। हादसे के समय दो मजदूर जलमीनार के ऊपरी हिस्से को तोड़ रहे थे, जबकि तीन मजदूर नीचे साइड में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जलमीनार गिर गई। तीन मजदूर मलबे में दब गए, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। हादसे में जान गंवाने वाले सत्या और मैथली चतरा के निवासी थे।
जेसीबी से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसा बड़ा होने के कारण नगर निगम की टीम को भी बुलाया गया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को अस्पताल ले जाया गया।
लोहे की छड़ काटने के दौरान असंतुलित हुई संरचना
बताया जाता है कि मजदूर जलमीनार के पिलर के अंदर मौजूद लोहे की छड़ों को कटर मशीन से काट रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छड़ काटे जाने से जलमीनार का भार एक तरफ पड़ गया। इससे पूरी संरचना अचानक असंतुलित हो गई और देखते ही देखते जमीन पर आ गिरी। उस समय सत्या भुइयां और मैथली शरण महतो नीचे मौजूद थे। दोनों मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

