बालूमाथ में टीएसपीसी सदस्य पर पुलिस का शिकंजा, हथियार के साथ गिरफ्तार

Reena Sharma
2 Min Read

सड़क पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

बालूमाथ पुलिस ने टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के सदस्य रोहन गंझू को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद की। एसडीपीओ उमेश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि भगिया निवासी रोहन गंझू अपने गांव आया हुआ है। इसके बाद थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर भगिया-सरचलनवा सड़क पर घेराबंदी की गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कई गंभीर मामलों में संलिप्तता का आरोप

पुलिस के अनुसार, रोहन गंझू के खिलाफ बालूमाथ, चंदवा, बारियातू और टंडवा थानों में कई मामले दर्ज हैं। उस पर वर्ष 2024 में मगध कोलियरी के गोलीटांड़ में ट्रक जलाने, अमित स्टोन बारियातू में गोलीबारी तथा चंदवा, शिवपुर साइडिंग और चंद्रगुप्त कोलियरी में गोलीबारी जैसी घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा भगिया मुखिया रोहिणी मुंडा से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप पुलिस ने लगाया है।

टीएसपीसी के पुराने कमांडर से रहा है कनेक्शन

एसडीपीओ के मुताबिक, रोहन गंझू पहले टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर आदेश गंझू के लिए काम करता था और वर्तमान में राहुल सिंह गिरोह से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 107/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Advertisement

Share This Article