भारतीय महिला क्रिकेट में तहलका: कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी कमान, अब किसे मिलेगी टीम की बागडोर?

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी और सफल कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार 6 सितंबर को एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस अचानक लिए गए फैसले ने खेल जगत में हलचल मचा दी है।

गुवाहाटी बैठक के बाद आया फैसला
यह बड़ा फैसला गुवाहाटी में बीसीसीआई द्वारा आयोजित महिला क्रिकेट टीम की समीक्षा बैठक के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। इस अहम बैठक में मुख्य कोच अमोल मजूमदार, उप-कप्तान स्मृति मंधाना और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी शामिल हुए थे, जहां टीम के भविष्य के रोडमैप पर लंबी चर्चा की गई थी। माना जा रहा है कि इस मंथन के बाद ही यह बड़ा बदलाव तय किया गया है।

एक दशक का शानदार कप्तानी सफर
37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने साल 2016 में टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कमान संभाली थी। इसके बाद साल 2022 में मिताली राज के संन्यास के बाद उन्हें वनडे टीम की भी कमान सौंप दी गई और 2023 तक वह तीनों फॉर्मेट की पूर्णकालिक कप्तान बन गई। उनके नेतृत्व में टीम ने एशिया कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जैसे ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किए। साथ ही साल 2025 में घरेलू सरजमीं पर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने का गौरव भी हासिल किया। कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी के बाद वह 50 ओवर का वर्ल्ड कप जीतने वाली तीसरी भारतीय कप्तान हैं।

सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
कप्तानी छोड़ने की घोषणा करते हुए हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर लिखा, आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ रही हूं। यह फैसला आसान नहीं था। इसमें वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कप्तानी का सफर भले ही यहीं समाप्त हो रहा है, लेकिन खेल के प्रति उनका प्यार और एक खिलाड़ी के रूप में टीम के लिए उनका योगदान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अपनी टीम पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि टीम सुरक्षित हाथों में है और भविष्य के लिए बेहद मजबूत स्थिति में है।

अब आगे कौन संभालेगा कमान?
हरमनप्रीत के इस फैसले के बाद अब टीम की अगली कप्तान के रूप में उप-कप्तान स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है, लेकिन फैंस की नजरें अब नए नेतृत्व पर टिक गई हैं।

Share This Article