पलामू में भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बढ़ती महंगाई और चीनी की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि भारत जैसे देश में चीनी 70 रुपये प्रति किलो बिकेगी। उन्होंने देश में चीनी आयात की स्थिति को हैरान करने वाला बताते हुए सरकार के रवैये पर सवाल उठाया।
पलामू परिसदन भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि सरकारी नीतियों के कारण चीनी की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने इथेनॉल को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आम आदमी की जेब पर बोझ डालकर सरकार अपने करीबियों को फायदा पहुंचा रही है।
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि देशभर में महंगाई तेजी से बढ़ रही है और रोजमर्रा की जरूरी चीजें खरीदने में लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने महंगाई और छात्रों के आंदोलनों को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक, छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के पीछे बहाली में भ्रष्टाचार और परीक्षाओं में धांधली जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि अब स्कूली छात्र भी आंदोलन कर रहे हैं, क्योंकि देश में स्कूली शिक्षा की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। दीपांकर भट्टाचार्य ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी सरकारों को घेरा और कहा कि महंगाई, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकारों को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

