धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी इलाके में रविवार को सीआईएसएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच झड़प के बाद तनाव की स्थिति बन गई।
महिला से मारपीट के आरोप के बाद भड़का आक्रोश
आरोप है कि चापापुर ओसीपी के पास लकड़ी चुनने जा रही एक महिला को कोयला चोर बताकर सीआईएसएफ जवानों ने उसके साथ मारपीट की। महिला के साथ मारपीट की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सीआईएसएफ वाहनों में तोड़फोड़, फायरिंग का भी आरोप
आक्रोशित ग्रामीणों ने सीआईएसएफ वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए जवानों से भिड़ गए। स्थिति बिगड़ने पर सीआईएसएफ जवानों द्वारा फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। फायरिंग की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे हुए हैं और घायल महिला के समुचित इलाज व मुआवजे की मांग पर डटे हैं।
मौके पर पहुंचे प्रशांत हेंब्रम, कार्रवाई की मांग
मामले की जानकारी मिलते ही जेएमएम नेता प्रशांत हेंब्रम मौके पर पहुंचे और दोषी जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।

