शातिर चोरों का दुस्साहस: हेलमेट पहनकर घुसे और 1 लाख नकद समेत लैपटॉप-मूर्तियां ले उड़े, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:शहर के पॉश और व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शुमार जुगसलाई थाना क्षेत्र एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया है। यहां चोरों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक प्रतिष्ठित प्लाईवुड फर्म को अपनी सनसनीखेज चोरी का शिकार बनाया है। चोरों ने दुकान के ताले और ग्रिल काटकर लगभग 5 लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

स्कूटी सवार शातिर चोर, एक ने की रेकी तो दूसरे ने बोला धावा
​घटना के खुलासे के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने हर किसी को हैरान कर दिया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि इस वारदात को बेहद पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया। रात करीब 1:20 बजे दो संदिग्ध स्कूटी पर सवार होकर पहुंचे। इनमें से एक शातिर चोर ने हेलमेट पहन रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके, जबकि दूसरा शख्स बाहर स्कूटी स्टार्ट कर पहरेदारी कर रहा था। हेलमेट पहने चोर ने बड़ी चालाकी से दुकान के ऊपरी हिस्से का ग्रिल काटा और शीशा तोड़कर अंदर घुसपैठ की। अंदर जाने के बाद उसने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का एंगल मोड़ने और उसे बंद करने की नाकाम कोशिश की ताकि उसका चेहरा रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद उसने अलमारी और दस्तावेजों को खंगाला।

नकद, लैपटॉप और देवी-देवताओं की मूर्तियां भी नहीं छोड़ीं
​संचालक सुमित मलिक के अनुसार चोर दुकान से 1 लाख रुपये से अधिक की नगद राशि, एक कीमती लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और दीपावली के पावन अवसर पर जमा किए गए चांदी और सोने के सिक्के चुरा ले गए। इसके अलावा व्यवसाय से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी फाइलें भी गायब हैं, जिससे कारोबारियों को व्यापारिक मोर्चे पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

पुलिस महकमे में हड़कंप, डीएसपी खुद पहुंचे मौके पर
​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार तुरंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही है। साथ ही, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या चोरों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी या इस घटना में किसी अंदरूनी शख्स का हाथ है। फिलहाल, पुलिस जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

Share This Article