पलामू: पांकी प्रखंड के ताल पंचायत में खजूरी-अवका मार्ग और पुलिया के निर्माण व मरम्मत की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने महापंचायत की। मुखिया अनीता लोहरा और समाजसेवी उमेश यादव के नेतृत्व में हुई महापंचायत में ग्रामीणों ने डीसी और विधायक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
2003 की बाढ़ के बाद नहीं सुधरी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क और पुलिया का निर्माण 1992-93 में हुआ था। 2003 की बाढ़ में सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया, जिसके बाद दो दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद मरम्मत नहीं हो सकी।
दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित
खजूरी, मतुली, जोबला, अवका और प्रसांगन समेत दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित है। बारिश में आवागमन मुश्किल हो जाता है और स्कूली बच्चों व मरीजों को परेशानी होती है।
जर्जर पुलिया से हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर पुलिया के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मार्ग बनने से पांकी से लातेहार के मनिका की दूरी भी कम होगी।
भूमि विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति सड़क-पुल की जमीन को अपनी रैयती जमीन बताकर निर्माण में बाधा डाल रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और अवरोध हटाने की मांग की।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। समाजसेवी उमेश यादव ने सड़क-पुलिया निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। महापंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

