शास्त्री नगर में सनसनी: बाबा फर्नीचर के पास युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, इलाके में दहशत

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:शहर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार देर रात घात लगाए बैठे हमलावरों ने एक युवक पर क्रूरता से चापड़ से हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

फारूकी मस्जिद और बाबा फर्नीचर के नजदीक हुई इस हिंसक वारदात में कैप खान नामक युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत स्थानीय रहवासियों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

पुरानी रंजिश और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी है। घायल युवक के मामा शाहबाज आलम ने इस हमले के पीछे पुरानी अदावत की आशंका जताई है। पुलिस अब वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगालने में जुटी है, ताकि हमलावरों के चेहरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द शिकंजे में लिया जा सके।

Advertisement

इस सनसनीखेज घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी रोष और डर का माहौल है। निवासियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी और आपराधिक वारदतों से आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। फिलहाल, पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Share This Article