पलामू में पांच साल में 1300 सड़क हादसे, 1025 लोगों की गई जान; उपायुक्त ने जताई चिंता

KK Sagar
3 Min Read

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की समीक्षा, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

पलामू। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, यातायात व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने मई माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि मई 2026 में जिले में कुल 35 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 29 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

बैठक का मुख्य विषय पिछले पांच वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े रहे। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले में पिछले पांच वर्षों के दौरान लगभग 1300 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 1025 लोगों की जान गई। उपायुक्त ने इन आंकड़ों को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट यात्रा करने, ओवरस्पीडिंग तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पर्याप्त संख्या में ब्रेथ एनालाइजर उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर किए जा रहे प्रवर्तन कार्यों की भी समीक्षा की गई। मई माह में विभिन्न यातायात उल्लंघनों के खिलाफ 1301 चालान काटे गए तथा 21.71 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया। हेलमेट नहीं पहनने के मामलों में सबसे अधिक 476 चालान किए गए।

इस दौरान चतरा सांसद प्रतिनिधि ने पांकी एवं लेस्लीगंज क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए इन क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा उपाय करने की मांग की। बैठक में कपिल चौधरी सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....