बाघमारा: धनबाद के एरिया-3 गोविंदपुर क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और बीसीसीएल ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया सूचना के आधार पर STG हायर्ड पैच माइंस ट्रांसपोर्टिंग रूट के समीप खपड़ा पट्टी के जंगलों से 30 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा के निर्देश और मार्गदर्शन में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। बरामद कोयले को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध खनन और भंडारण के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट (MMDR Act) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोयला क्षेत्र में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल जांच की जा रही है कि बरामद कोयला कहां से लाया गया था। यह पता लगाया जा रहा है कि कोयला किसी माइंस से अवैध रूप से निकाला गया था या फिर किसी अन्य स्थान से लाकर जंगल में डंप किया गया था। जांच का दायरा इस अवैध परिवहन और भंडारण नेटवर्क से जुड़े लोगों तक भी बढ़ाया जा रहा है।
सीआईएसएफ ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें भविष्य में अवैध कोयला खनन, परिवहन या भंडारण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

