धनबाद – CISF का बड़ा एक्शन: झिल्ली ग्राउंड के पास 177 टन अवैध कोयला बरामद, मचा हड़कंप

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: धनबाद के बाघमारा स्थित एरिया-5 सिजुआ क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोयाबाद के झिल्ली ग्राउंड के पास 177 टन अवैध कोयला बरामद किया है। इस अभियान में स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा के निर्देश और मार्गदर्शन में खुफिया सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया। बरामद कोयले को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अवैध खनन और भंडारण के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट (MMDR Act) के तहत कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोयला क्षेत्र में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल जांच की जा रही है कि झिल्ली ग्राउंड के पास बरामद कोयला कहां से लाया गया था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कोयला किसी खदान से अवैध रूप से निकाला गया था या फिर किसी अन्य स्थान से लाकर यहां डंप किया गया था। जांच का दायरा उन लोगों तक भी बढ़ाया जा रहा है, जो इस अवैध परिवहन और भंडारण के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

सीआईएसएफ ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें भविष्य में अवैध कोयला खनन, परिवहन या भंडारण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....