बिहार में आज राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा‘ शुरू कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ ही विपक्ष के अलग-अलग राज्यों के कई बड़े नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी विशेष विमान से गया पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से एसपी जैन कॉलेज सासाराम उतरेंगे। 12 बजे से 2 बजे तक सासाराम से सुवारा में राहुल गांधी सहित गठबंधन के तमाम नेताओं का संबोधन होगा। 4.30 बजे देहरी ऑन सोन के आंबेडकर चौक से यात्रा शुरू होगी।

16 दिन में 1300 किमी की यात्रा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की इस यात्रा में बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएआईआर) के मुद्दे को भी उठाया जाएगा। यह 16 दिनों की लंबी यात्रा 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी और करीब 1300 किमी का सफर तय करेगी। समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन की विशाल रैली के साथ होगा। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं भी की जाएंगी।
इन जिलों से होते हुए गुजरेगी यात्रा
यह यात्रा औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा से होकर गुजरेगी।
यात्रा से पहले राहुल का पोस्ट
यात्रा शुरू होने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘हम वोटर अधिकार यात्रा लेकर जनता के बीच आ रहे हैं। यह सबसे बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार – ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा की लड़ाई है। संविधान को बचाने के लिए बिहार में हमारे साथ जुड़िए।’
तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि- लोकतंत्र में इस से बड़ी विडंबना क्या होगी कि लोगों से उनके वोट डालने की और सरकार चुनने की आजादी छिनी जा रही है। हम आप सभी को आश्वस्त करते है कि आपकी वोट डालने की लड़ाई शिद्दत के साथ लड़ेंगे। इसी आवाज को मुखर करने और न्याय पाने के लिए हम 17 अगस्त से “वोटर अधिकार यात्रा” शुरू कर रहे हैं।

