Bihar: बिहार में होगी सहायक शिक्षा विकास अधिकारी पदों पर बहाली, 935 पदों के लिए विज्ञापन जारी

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले नीतीश सरकार लगातार हर वर्ग के लोगों को खुश करने में जुटी है। अब सरकारी नौकरी के क्षेत्र में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के लिए बहाली निकाली गई है। बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से इसका नोटिफिकेशन जारी किया गया है। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के लिए 935 पदों पर भर्ती होगी।

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होने वाली है। पंजीकरण प्रक्रिया 26 सितंबर 2025 तक चलेगी। ग्रेजुएट अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल हो सकते हैं। आधिकारिक अधिसूचना आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर उपलब्ध है।

क्या होनी चाहिए योग्यता?

Advertisement

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। वहीं अप्लाई करने वाले कैंडिडेट की उम्र 21 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अधिकतम उम्र सीमा में आरक्षित कैटेगरी को सरकार के नियमानुसार छूट भी दी गई है।

क्या है चयन प्रक्रिया?

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा। परीक्षा में सामान्य भाषा, सामान्य अध्ययन और सामान्य योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक नंबर का होगा और समय दो घंटे का होगा। एग्जाम में माइनस मार्किंग भी लागू की गई है। परीक्षा का पैटर्न भी आयोग ने नोटिफिकेशन के साथ जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले कैंडिडेट आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।

इसी साल अप्रैल में सृजन किया गया पद

बता दें कि इसी वर्ष (2025) अप्रैल में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों का सृजन किया गया था, जिसकी कैबिनेट से मंजूरी मिली थी। 10 पंचायत पर एक सहायक विकास शिक्षा पदाधिकारी रखा जाना है। ये स्कूलों की मॉनिटरिंग करेंगे और जांच करेंगे। पहले से हर प्रखंड स्तर पर एक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की तैनाती है, लेकिन अब इस पद पर बहाली हो जाने से शिक्षा में गुणवत्ता आएगी।

Share This Article